उदयपुर से आगरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन गुरुवार को डिरेल होते-होते बची। बूंदी स्टेशन के आगे सुबह करीब 9:20 ट्रैक पर अज्ञात बदमाशों ने 3-4 फीट लंबा लोहे का रॉड रख दिया। लोको पायलट ने समय रहते ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन के झटके से रॉड ट्रैक से हट गई। इसके बाद स्टाफ ने कंट्रोल रूम में सूचना दी। ट्रेन 8-10 मिनट तक वहीं रुकी रही। ट्रेन अगले स्टेशन कोटा पर 5 मिनट देरी से 9:55 बजे पहुंची। बूंदी स्टेशन पश्चिम उत्तर रेलवे के अधीन आता है। इसलिए वहां की टीम मामले की जांच कर रही है। बता दें, उदयपुर-आगरा कैंट वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत इसी साल 2 सितंबर से हुई थी। यह सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार व शनिवार को चलती है। वहीं बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इस ट्रेन का संचालन उदयपुर से जयपुर के बीच हो रहा है। आगरा रूट पर वंदे भारत के साथ 4 महीनों में इस तरह का यह पहला मामला है।


