भास्कर न्यूज|गढ़वा बुधवार को उपायुक्त ने दिनेश कुमार यादव ने अपर समाहर्ता राज महेश्वरम व उत्पाद अधीक्षक निर्मल कुमार के साथ शहर के सहिजना मोड़ स्थित विदेशी शराब दुकान और डंडई स्थित कंपोजिट शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण हाल ही में शुरू की गई वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत संचालित दुकानों की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता व नियमन की समीक्षा के लिए किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुकानों का संचालन राज्य सरकार की ओर से निर्धारित नियमों व दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें। उन्होंने दुकानों के चयनित कर्मियों को निर्देशित किया कि शराब बिक्री से प्राप्त संपूर्ण राशि का शत प्रतिशत हस्तांतरण एजेंसी के पास किया जाना अनिवार्य है और सभी बिक्री रसीदों को सुरक्षित रखें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि ग्राहकों की मांग के अनुसार उपयुक्त मात्रा व ब्रांड की शराब ब्रिकी करें। ताकि कालाबाजारी या अव्यवस्था की संभावना नहीं रहे। साथ ही उन्होंने ट्रैक एंड ट्रैस प्रणाली के माध्यम से शराब की बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिससे बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। निरीक्षण के बाद डीसी ने आगे भी समय-समय पर निरीक्षण करने की बात कही।


