सरायकेला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की हुई बैठक

भास्कर न्यूज | सरायकेला समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में आधार से संबंधित कार्यों की वर्तमान स्थिति, नामांकन की प्रगति, आधार संख्या की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से लिंकिंग, बायोमैट्रिक हाजिरी प्रणाली की स्थिति व यूआईडी द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों के अनुपालन की समग्र समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी विभागों में आधार आधारित बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में नवीनतम एल-1 डिवाइस का पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए बायोमैट्रिक हाजिरी अनिवार्य रूप से लागू की जाए। साथ ही उन्होंने सभी विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र व आधार पंजीकरण, मोबाइल नंबर अद्यतन जैसे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने का निर्देश िदया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि बीएसएनएल कार्यालय सहित सभी बैंक शाखाओं में आधार इनेबल्ड सेवाओं की सुविधा शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनके निकट ही नामांकन व अद्यतन की सुविधा उपलब्ध हो सके। उपायुक्त ने कहा कि जिले में कार्यरत सभी आधार पंजीकरण एजेंसियां यूआईडी द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल व सेवा आचार संहिता का पूर्ण रूप से अनुपालन करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी केंद्र अनाधिकृत रूप से शुल्क न वसूले, इसके लिए प्रभावी निगरानी हेतु जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को नामित किया गया है। बैठक में उपायुक्त द्वारा आधार अद्यतन की अनिवार्यता, निःशुल्क अद्यतन की समयावधि तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आधार लिंकिंग के लाभों को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाने का भी निर्देश िदया गया, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ ले सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *