राजनगर| उपायुक्त के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में निराश्रित बच्चों का आधार कार्ड अब विशेष शिविर आयोजित कर बनाया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय की ओर से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर की तिथि निर्धारित करते हुए पत्र जारी किया गया है। इसी के तहत राजनगर प्रखंड में 23 जुलाई को प्रखंड कार्यालय में निराश्रित बच्चों का विशेष शिविर आयोजित कर आधार कार्ड बनाया जाएगा। बीडीओ मलय कुमार ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों से ऐसे निराश्रित बच्चों का आधार कार्ड बनवाने में सहयोग करने की अपील की है। वहीं, ऑपरेटर छुटू टुडू ने बताया कि आधार कार्ड बनाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य है। ज्ञात हो कि विगत दिनों डालसा द्वारा आयोजित कानूनी जागरूकता सह सशक्तीकरण कार्यक्रम में निराश्रित बच्चों के आधार कार्ड के लिए विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया था।


