जामताड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक की लाश होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली। मृतक की पहचान गुजरात के पंचमहल जिले के रिंचिया गांव निवासी 21 वर्षीय मेघवाल धर्मेश कुमार के रूप में हुई है। युवक का शव गांधी मैदान के पास स्थित होटल प्रभात इन के कमरा नंबर 104 में बरामद किया गया। दोपहर 2 बजे बुक किया था कमरा धर्मेश कुमार ने बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे होटल में कमरा बुक कराया था। होटल स्टाफ के अनुसार, वह अकेले ही कमरे में ठहरे थे और बाहर से सामान्य लग रहे थे। लेकिन महज चार घंटे बाद शाम करीब 6 बजे उनका शव कमरे की छत पर लगे सीलिंग फैन से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उन्होंने फांसी लगाने के लिए जींस पैंट का इस्तेमाल किया। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी और थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक और टेक्निकल टीम जुटा रही साक्ष्य फिलहाल पुलिस आत्महत्या की वजहों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फोरेंसिक और टेक्निकल टीम को भी बुलाया गया, जो कमरे से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस होटल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक होटल में अकेले आया था या उसके साथ कोई और भी था। धर्मेश के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनकी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि पोस्टमॉर्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। सुसाइड का लग रहा मामला हालांकि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। युवक के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह को जाना जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या कुछ और।


