लुधियाना| फूड डिलीवरी बॉय से लूट के मामले में थाना सदर की पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ कर 3 पर केस दर्ज किया है। पीड़ित कुलवंत सिंह वासी धांधरा रोड ने बताया कि वह देर रात डिलीवरी का काम खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह गिल डेयरी के पास पहुंचा, तभी बाइक (PB10CL-8141) पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और बाइक से नीचे गिरा दिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन व 7 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल कुलवंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई कर्मवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की बाइक का नंबर ट्रेस किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों लखवीर सिंह निवासी गांव लीतारा और कुलदीप सिंह निवासी गांव बिरमी को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी रमनदीप सिंह निवासी गांव ताजपुर अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


