गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया चौक पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। महागामा से गोड्डा की ओर जा रहा आलू से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस दौरान ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक जैसे ही गम्हरिया चौक के पास पहुंचा, चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और फिर पलट गया। ट्रक की गति इतनी तेज थी कि पलटने के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुचलने से बाल-बाल बचे लोग हादसे के वक्त चौक पर कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई व्यक्ति ट्रक की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महागामा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक चालक से मौके पर ही पूछताछ शुरू कर दी और मामले की जांच में जुट गई है। गम्हरिया चौक पर हो चुकी हैं घटनाएं स्थानीय लोगों ने बताया कि गम्हरिया चौक पर पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क पर ट्रैफिक डायरेक्शन और स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौक पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाया जाए और ट्रैफिक के लिए जरूरी डायरेक्शन लगाए जाएं।


