भास्कर न्यूज|लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम डॉ. मनमोहन सिंह ऑडिटोरियम के पास गेट नंबर 1 पर हुआ। कुलपति डॉ. सतबीर सिंह गोसल ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा और हरियाली से भरपूर वातावरण बनाए रखना हर इंसान का कर्तव्य है। यूनिवर्सिटी की क्लीन एंड ग्रीन मुहिम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, संस्थान का उद्देश्य अधिक से अधिक पेड़ लगाकर समाज को संदेश देना है। डॉ. गोसल ने किसानों और आम लोगों से अपील की कि खाली जगहों पर पेड़ लगाकर प्रकृति की रक्षा में योगदान दें। उनके साथ रजिस्ट्रार डॉ. ऋषि पाल सिंह, डीन पोस्ट ग्रेजुएट स्टडीज डॉ. मानव इंद्रा सिंह गिल, निदेशक शोध डॉ. अजमेर सिंह ढट, निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. मक्खन सिंह भुल्लर, डीन बागवानी कॉलेज डॉ. ऋषि इंद्रा सिंह गिल, डीन कम्युनिटी साइंस कॉलेज डॉ. किरण बैंस, निदेशक विद्यार्थी भलाई डॉ. निर्मल जौड़ा, अतिरिक्त निदेशक शोध डॉ. जीएस मांगट, डॉ. महेश कुमार और अपर निदेशक संचार डॉ. तेजिंदर सिंह रियाड़ मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पौधरोपण में भाग लिया। उन्होंने नीली गुलमोहर, कचनार, लाल गुलमोहर और चंपा जैसे पौधे लगाए। इस मौके पर वानिकी और प्राकृतिक संसाधन विभाग तथा फ्लोरीकल्चर और लैंडस्केपिंग विभाग के प्रमुख भी मौजूद रहे। पौधरोपण अभियान यूनिवर्सिटी के लैंडस्केप अफसर और उनकी टीम की मदद से चलाया गया। डॉ. ऋषि इंद्रा सिंह ने फैकल्टी का धन्यवाद किया और यूनिवर्सिटी में आगे भी पौधरोपण अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया।


