मुंगेली में लापता नाबालिग लड़की को पुलिस ने बिलासपुर से बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत यह कार्रवाई की गई। 8 जुलाई को लड़की के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नाबालिग लड़की बिना बताए घर से चली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। बिलासपुर में आरोपी के कब्जे से लड़की बरामद मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम बिलासपुर पहुंची। 15 जुलाई को सिरगिट्टी बिलासपुर से आरोपी दीपक मानिकपुरी उर्फ टाइसन के कब्जे से लड़की को बरामद किया गया। आरोपी मुंगेली के शिवाजी वार्ड का रहने वाला है और उसकी उम्र 21 वर्ष है। पीड़िता के बयान में सामने आया कि आरोपी ने उसे नाबालिग जानते हुए बहला-फुसलाकर भगा ले गया और दैहिक शोषण किया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 4,6 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


