बलौदाबाजार में आबकारी विभाग ने नकली शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। चौरेंगा-दरचुरा मार्ग पर एक सफेद आई-20 कार से 135 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा मसाला जब्त की गई। जब्त की गई शराब की कीमत 75,000 रुपए है। आबकारी टीम ने दो आरोपियों मोनू उर्फ गिरीत वर्मा और राकेश कुमार सेन को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में 11 प्लास्टिक बोरियों और एक नीले बैग में अवैध शराब ले जा रहे थे। टीम ने 5 लाख रुपए की कार भी जब्त कर ली है। आरोपियों पर आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 59(क) और 36 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सप्ताहभर में विभाग की तीसरी कार्रवाई यह एक सप्ताह में विभाग की तीसरी कार्रवाई है। इससे पहले विभाग ने 35,000 रुपए की 7 पेटी नकली शराब और 2 मोटरसाइकिलें जब्त की थीं। इस दौरान 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था। सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई। इस ऑपरेशन में आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, दिनेश कुमार साहू, मुख्य आरक्षक राधा गिरी गोस्वामी और नगर सैनिक राजू कुमारी पैकरा शामिल थे। विभाग ने कहा है कि नकली शराब के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


