झांसी में सड़क किनारे सब्जी की 40 दुकानों पर नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की। लाखों रुपए की सब्जी को बुलडोजर से रौंद डाला। सब्जी बेचने वाले रोते-चिल्लाते रहे। बख्श देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कर्मचारियों ने एक ना सुनी। वहीं, विरोध करने पर कुछ दुकानदारों की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। जमावड़ा लगते देख नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर वहां से निकल गई। सब्जी बेचने वालों ने रोते हुए कहा- इनका जोर सिर्फ गरीबों पर चलता है। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। घटना सीपरी बाजार के रेलवे पुल के पास की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नुकसान की भरपाई पर अड़े हैं। जबकि, घटना पर नगर आयुक्त सत्यप्रकाश का कहना है कि अतिक्रमण प्रभारी ब्रजेश वर्मा ने बिना बताए बुलडोजर कार्रवाई की है। उन पर एक्शन लिया जाएगा। पहले बुलडोजर कार्रवाई की 2 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार पूरा मामला समझिए… दुकानों की वजह से लगता है लंबा जाम
सब्जी दुकानदारों ने कहा- नगर निगम की तरफ से 2 दिन पहले अल्टीमेटम दिया गया। हम लोगों ने कहा था- हमें यहां से हटा रहे हैं, ये ठीक है। मगर दूसरी जगह भी बता दीजिए। आज शाम को 5 बजे अचानक नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर आई और सब्जियों को कुचल दिया। नगर निगम के कर्मचारियों ने बताया- चित्रा चौराहा से पीपरी बाजार के बीच सब्जी की 40 दुकानें लगती हैं। रोड संकरी होने की वजह से यहां लंबा जाम लग जाता है। जाम कम करने के लिए सब्जी वालों को हटाने पर विचार किया जा रहा था। गुरुवार को अचानक ही बुलडोजर एक्शन लिया गया। इससे नाराज लोगों ने मेन सड़क पर करीब 30 मिनट तक जाम लगाए रखा। पुलिस ने उन्हें समझाकर किसी तरह हटाया। वह नगर निगम के अधिकारियों से नुकसान की भरपाई करने के लिए कह रहे हैं। सागर बोले- हमको डंडों से मारा
सब्जी बेचने वाले सागर ने कहा- हमारी पूरी सब्जी कुचल डाली। डंडों से हमको मारा गया। हमारा 20 हजार का नुकसान कर दिया है। हम गरीब आदमी, अब कहां जाएंगे। पास में खड़े रमेश कहते हैं- नुकसान करने से पहले हमको बताना चाहिए था। सब्जी बेचकर ही हमारे घर का चूल्हा जलता है। इस अफरा-तफरी में हमारी रुपए भी गायब हो गए। नगर आयुक्त ने कहा- बिना बताए कार्रवाई की
नगर आयुक्त सत्यप्रकाश ने कहा- अतिक्रमण प्रभारी ब्रजेश वर्मा ने हमें इस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी। नोटिस जारी करके उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
यह प्रयास किया जा रहा है कि सब्जी मार्केट को बातचीत के बाद दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाएगा।
——————— ये भी पढ़ें: अविमुक्तेश्वरानंद बोले- मोहन भागवत आम हिंदू को नहीं समझते:गौ हत्या रोकना ही महाकुंभ में हमारा मुद्दा, मंदिर में कूड़ा पड़े; यह मंजूर नहीं वाराणसी पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का कहना है कि मोहन भागवत आम हिंदू की पीड़ा नहीं समझते हैं। महाकुंभ में हमारा मुद्दा गो हत्या को रोकना है। यह तभी संभव है, जब गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में मंदिरों पर अवैध कब्जों को लेकर अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- यहां वाराणसी में कई मंदिर ऐसे हैं, जिन पर कूड़ा पड़ता है। ऐसे मंदिरों को ठीक करवाकर पूजा-पाठ शुरू करनी चाहिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…


