स्वच्छता के क्षेत्र में रायपुर ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण अवार्ड 2024 में दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में गुजरात के अहमदाबाद को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है, वहीं रायपुर को चौथा स्थान मिला है। रायपुर शहर को निर्धारित मानकों के अनुरूप 11996 अंक मिले हैं, इसके साथ ही रायपुर छत्तीसगढ़ का पहला शहर बन गया है, जिसे गार्बेज फ्री सिटी (GFC) की श्रेणी में 7-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। समारोह में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद इस पुरस्कार वितरण के दौरान रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, निगम आयुक्त विश्वदीप, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, अपर आयुक्त राजेंद्र गुप्ता, विनोद पांडेय, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी रघुमणि प्रधान, सहायक अभियंता एवं नोडल अधिकारी योगेश कडु मौजूद रहे। सफाई मित्रों को दिया श्रेय नगर निगम रायपुर ने इस सफलता का श्रेय अपने जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों, स्वच्छता एंबेसडर, नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को दिया है। उनके अथक प्रयासों और जनसहयोग से ही रायपुर यह उपलब्धि हासिल कर सका है।


