बाजार; स्कूल सहित सभी सरकारी और निजी प्रतिष्ठान रहे बंद, वाहनों का आवागमन ठप

भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ फकीर मोहन कॉलेज, बालेश्वर में एक छात्रा द्वारा कॉलेज में आत्मदाह करने तथा केरला इंग्लिश मीडियम स्कूल चंपुआ के छात्रावास में एक छात्र द्वारा आत्महत्या करने के विरोध में गुरुवार को आहूत ओडिशा बंद का आह्वान किया गया था। बंद का आह्वान कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम सहित एक दर्जन वामपंथी पार्टियों ने किया था। 12 घंटे की इस बंद का व्यापक असर चंपुआ अनुमंडल में भी देखा गया। इसके प्रभाव से चंपुआ, रिमिल, जोड़ा व बड़बिल में बाजार बंद रहे। बैंक, कोर्ट, कचहरी, प्रखंड कार्यालय, स्कूल सहित सभी सरकारी और निजी प्रतिष्ठान बंद रहे। दोपहिया वाहन को छोड़ कर सभी वाहनों का आवागमन ठप रहा। केवल अस्पताल, दवा दुकान खुली थीं तथा एंबुलेंस का आवागमन हो रहा था। बंद के कारण सड़कों पर वाहनों की कतार लग गई थी। बंद के समर्थन में आम लोगों का भी समर्थन रहा। बंद कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व सांसद यशवंत सिंह लागुरी, कांग्रेस नेता गुरबक्स सिंह अहलूवालिया तथा सीपीएम नेता विद्याधर महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। काफी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे। यात्री बसों का परिचालन बंद रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर यात्री बस पड़ाव के पास मंडराते रहे। सभी दुकानें और होटल बंद रहने के कारण उन्हें चाय पानी भी नसीब नहीं हुआ। बच्चों को भी भूखा ही रहना पड़ा। हालांकि दो बजे के बाद बंद में ढील दे दी गई। कांग्रेस के पूर्व सांसद यशवंत सिंह लागुरी ने कहा कि अभी ओडिशा में दो दु:खद घटना घटी है। एक फकीर मोहन कॉलेज में छात्रा द्वारा आत्मदाह की घटना और चंपुआ केरला स्कूल में एक मेघावी छात्र द्वारा आत्महत्या। इन्हीं दोनों घटनाओं को लेकर बंद का आह्वान किया गया है। समूचे ओडिशा में बंद पूरी तरह सफल रहा। जब से बीजेपी की सरकार आई है, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गया है। कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। रोज कोई न कोई घटना होती रहती है। हमारी पार्टी बार-बार सरकार से बिगड़ती कानून व्यवस्था की शिकायत सरकार से करती है, मगर उन्हें न तो सुनाई देता है और न ही दिखाई। निजी स्कूलों में कोई व्यवस्था नहीं है। कैपेसिटी से अधिक बच्चों का एडमिशन किया जा रहा है। व्यवस्था ठीक नहीं रहती है। प्रशासन कोई ध्यान नहीं देता है। आज दोनों केस में स्कूल प्रबंधन को दोषी होने का आरोप लगाया जा रहा है। हमारी मांग है कि इस घटना पर गहन जांच कर दोषी लोगों पर उचित करवाई करते हुए अभिभावकों को न्याय दिलाया जाए। सीपीएम नेता विद्याधर महतो ने भी भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है, ओडिशा की कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। सरकार अपनी धुन में ही मगन है। बंद शांति पूर्वक संपन्न हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *