राजा राय| चाईबासा जिला नियोजनालय पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा विभिन्न माध्यमों से रोजगार देने को लेकर तत्पर है। समय-समय पर जिले के विभिन्न स्थानों पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अभियान के साथ रोजगार मुहैया करा रहा है। इसी के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 से फरवरी 2025 तक 813 युवाओं को रोजगार मेला व भर्ती कैंप के द्वारा चयनित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 380, 2023-24 में 355 जबकि 2024-25 में 78 युवाओं को शॉर्टलिस्ट कर रोजगार उपलब्ध कराया गया। जबकि विगत 2019 से फरवरी 2025 तक कुल 1580 युवाओं को रोजगार मेला व भर्ती कैंप के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। विगत तीन वर्षों के डाटा पर गौर किया जाए तो कुल 6554 बेरोजगार युवाओं ने जिला नियोजनालय में अपना नाम निबंधित करवाए हैं। जिसमें पुरुष 4419 एवं महिला 2135 शामिल है। जबकि कैटेगरी के अनुसार सामान्य 605, ओबीसी 1191, एसटी 4002, एससी 295, बीसी वन 375 बीसी टू 75 एवं ईबीसी वर्ग से 11 बेरोजगार युवा वर्तमान में जिला नियोजनालय में निबंधित है। शैक्षणिक योग्यता के दृष्टिकोण से पिछले 3 साल से लेकर आज तक कुल 6554 लोगों में साक्षर व निरक्षर 20, अनस्किल्ड 100, मिडिल या उससे नीचे की शिक्षा वाले 278, ट्रेनिंग सर्टिफिकेट 10, आईटीआई सर्टिफिकेट 364, डिप्लोमा होल्डर 222, दसवीं पास 1399, 12वीं पास 2019, ग्रेजुएट 1755 एवं पोस्ट ग्रेजुएट 377 लोग वर्तमान में रोजगार की तलाश में निबंधित है। जिला नियोजनालय में निबंधन के बाद कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा इंट्री ऑपरेटर, पंचायत कोऑर्डिनेटर, हेल्पर, ट्रेनी ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, टेलीकॉलर, ड्राइवर, हाउस कीपर, सुपरवाइजर, एलआईसी एजेंट, नर्स, स्वीपर व फील्ड एग्जीक्यूटिव आदि के पद पर रोजगार प्राप्त होता है। देश के विभिन्न राज्यों की कंपनी रोजगार मेला व भर्ती कैंप के माध्यम से रोजगार प्रदान करती है। युवाओं को पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, गुजरात, तमिलनाडु, दिल्ली, एनसीआर,, हरियाणा, बेंगलुरु, हैदराबाद के साथ गृह राज्य झारखंड में रोजगार के अवसर मिलते हैं। पद व योग्यता के अनुसार ₹7000 से लेकर 18,000 रुपए मासिक वेतन पर इनकी नियुक्ति की जाती है। ^जिले के युवाओं से मेरी अपील है कि चाईबासा समाहरणालय, चक्रधरपुर एवं किरीबुरु स्थित नियोजनालय के साथ ही झारखंड नियोजन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपना निबंध करवाए। सितंबर अक्टूबर माह में रोजगार मेला व तीन-चार भर्ती कैंप का जल्द ही आयोजन होने वाली है। जिसका लाभ उठाकर आप रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। हम लोगों का लक्ष्य है आने वाले दिनों में जिला नियोजनालय के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। प्रत्युष शेखर, जिला नियोजन पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा।


