भास्कर न्यूज | अमृतसर ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 दुकानों के बाहर नोटिस चिपकाए। वीरवार को ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा की वधीक डिप्टी कमिश्नर पुलिस अमनदीप कौर ने शहर के अलग-अलग बाजारों में जाकर दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों और आम लोगों को धारा 163 बीएनएस के तहत अवैध कब्जों और गलत पार्किंग के खिलाफ जारी आदेशों की जानकारी दी। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर की गई। जिन दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों ने सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा कर इन आदेशों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ धारा 163 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा लिबर्टी मार्केट, ग्वाल मंडी चौक, पुतलीघर बाजार, तंदूरांवाला चौक और हैरिटेज वॉक पर दुकानदारों, आम लोगों को भी इस धारा के बारे में जागरूक किया गया।


