पीएसईबी जॉइंट फोरम, एकता मंच एसोसिएशन ऑफ जेई और पावरकॉम ट्रांसको पेंशन यूनियन पंजाब से जुड़े एटक के साझा फ्रंट ने सिटी सर्कल ऑफिस के बाहर धरना दिया। यह धरना पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की मांगें न मानने के विरोध में दिया गया। धरने में सिटी सर्कल की सभी डिवीजन और सबडिवीजन के कर्मचारी, पेंशनर और नेता शामिल हुए। पंजाब नेता सुखदेव सिंह, नरिंदर बल, वर्किंग जनरल सेक्रेटरी और ट्रांसको पेंशन यूनियन ने कहा कि सरकार और प्रबंधन पहले से मानी मांगों को लागू नहीं कर रहे। नेताओं ने बताया कि यह सर्किल स्तर के धरने 22 जुलाई तक चलेंगे। अगर तब तक मांगें नहीं मानी गईं तो 27 जुलाई को बिजली मंत्री की कोठी के बाहर विशाल धरना दिया जाएगा। फिर भी मांगें नहीं मानी तो अगस्त के पहले हफ्ते में सभी बिजली कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर चले जाएंगे। इस दौरान किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी पंजाब सरकार और बिजली बोर्ड मेनेजमेंट की होगी। इस मौके पर कंवलजीत सिंह बल, कुलदीप कौर बल, अमनदीप कौर, बिक्रमजीत सिंह, भजन सिंह, गुरमीत सिंह, कुलवंत सिंह, इकबाल सिंह, गुरतेज सिंह, अमरजीत सिंह, संजीव कुमार जेई, नरिंदर कौर और मनप्रीत सिंह बल आदि मौजूद रहे।


