काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने 10 पिस्तौल के साथ एक तस्कर को काबू किया। आरोपी की पहचान गांव डल्ला के रहने वाले हरजिंदर सिंह (21) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आधा-आधा किलो हेरोइन बरामदगी के 2 केस पहले से दर्ज हैं। आरोपी 3 महीने पहले पट्टी जेल से जमानत पर बाहर आया था और फिर से हथियार तस्करी का काम शुरू कर दिया था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्कर के साथ मिलकर काम कर रहा था। वह ड्रोन के जरिए सरहद पार से हथियार मंगवा रहा था। इन हथियारों की सप्लाई पंजाब के अपराधियों और गैंगस्टरों को की जा रही थी। इससे पहले 15 दिन पहले इसी नेटवर्क के 3 सदस्य पकड़े गए थे। गिरफ्तार तस्करों में फिरोजपुर के सरबजीत सिंह और कुलविंदर सिंह, तरनतारन का अशमंदीप सिंह शामिल था। इनके पास से 8 हथियार, एक किलो हेरोइन और 2.90 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई थी। डीजीपी ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस एसआई जगजीत सिंह सहित टीम को तरनतारन के गांव डल के पास भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में हथियारों की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमृतसर-झब्बाल रोड पर बोहड़ू पुल के पास हरजिंदर सिंह को रोका। वह हथियारों की खेप किसी को देने जा रहा था। तलाशी में उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि जब आरोपी को गिरफ्तार किया गया तो उसने एक बैग अपने पास रखा था, जिसमेंे से पिस्तौल बरामद की गईं। आरोपी का घर बार्डर के साथ लगता है, आरोपी ने 3 दिन पहले खेप बरामद कर घर में छिपाकर रखी थी। वीरवार तड़कसार उसकी गिरफ्तारी हुई है।


