उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव और निदेशक से गुरुवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मिले और लंबित प्रमोशन की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। संघ के अध्यक्ष डॉ. डीके सिंह और महासचिव डॉ. अमूल्य सुमन बेक ने सचिव को बताया कि झारखंड लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर का प्रमोशन आवेदन को यह कहते हुए वापस कर दिया है कि कैटेगरी – I से कैटेगरी-II में प्रमोशन के लिए वांछित डॉक्यूमेंट नहीं है। संघ ने कहा कि जेपीएससी का यह अव्यवहारिक कदम है। साथ ही नियम के प्रतिकूल है। कहा कि अगर विवि प्रशासन और राज्य सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. संजय सिंह, डॉ. मुकुंद रविदास, डॉ. मासूफ अहमद, डॉ. अमूल्य सुमन बेग, डॉ. डीके. सिंह समेत अन्य थे। बताते चलें कि 2008 बैच के शिक्षकों को नियुक्ति के 17 साल बाद एक भी प्रमोशन नहीं मिला है। नियुक्ति के समय जिस ग्रेड पे पर योगदान दिया था, आज भी उसमें बदलाव नहीं हुआ है। यानि आज भी 6000 रुपए ग्रेड पे पर सेवा दे रहे हैं। समय पर प्रमोशन मिलता तो अभी प्रफेसर पद पर सेवा दे रहे होते।


