आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित जेएमटी ऑटो लिमिटेड के पुराने मजदूरों ने शुक्रवार को कंपनी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। जेएमटी ऑटो लिमिटेड का अधिग्रहण रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड (आरकेएफएल) ने किया है। मजदूरों का कहना है कि कंपनी ने उत्पादन शुरू कर दिया है, लेकिन उन्हें काम पर नहीं बुलाया जा रहा है। मजदूरों की मांग है कि या तो उन्हें नौकरी पर वापस लिया जाए या फाइनल सेटलमेंट की राशि का भुगतान किया जाए। कंपनी मंदी का बहाना बनाकर उन्हें टाल रही: प्रदर्शनकारी एनसीएलटी के आदेश के अनुसार, आरकेएफएल को अधिग्रहण के समय पुराने श्रमिकों का पुनर्नियोजन या फाइनल सेटलमेंट करना था। जेएमटी ऑटो लिमिटेड आर्थिक संकट के कारण बंद हो गई थी। इसके बाद आरकेएफएल ने इसका अधिग्रहण किया था। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि नई मशीनें लगने के बाद ही पुराने कर्मचारियों की बहाली होगी। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी मंदी का बहाना बनाकर उन्हें टाल रही है। मजदूर इस तर्क को मानने को तैयार नहीं हैं क्योंकि कंपनी में उत्पादन पहले ही शुरू हो चुका है।


