परेशानी: मिशन चौक से छपोरा तक सड़क बदहाल

भास्कर न्यूज | मालखरौदा मिशन चौक से छपोरा तक राज्य मार्ग क्रमांक 16 की सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। इस मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिशन चौक, ग्राम बड़े सीपत, ग्राम कुरदा सहित कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे तालाब जैसे बन गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भरा हुआ है। इससे वाहन चालक गड्ढों को ठीक से पहचान नहीं पाते और कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें वाहन चालक और सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह सड़क छत्तीसगढ़ शासन के पीडब्ल्यूडी विभाग के अधीन है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। जिले के कलेक्टर और अन्य अधिकारी भी इस मार्ग से गुजर चुके हैं, फिर भी मरम्मत कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई है। यह मार्ग सैकड़ों यात्रियों, बसों, हाईवा और ट्रकों सहित भारी वाहनों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। शासन को इस मार्ग से करोड़ों रुपए का टैक्स प्राप्त होता है, फिर भी सड़क सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बरसात से पहले शासन द्वारा प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए राशि जारी की जाती है, लेकिन इस मार्ग की स्थिति अब भी बदतर बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क परिवहन की स्थिति और भी दयनीय होने की आशंका है। यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो यह विकास की राह में बड़ी बाधा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने विभाग और प्रशासन से इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात में कोई परेशानी न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *