भास्कर न्यूज | जांजगीर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के करकमलों से बुधवार को ‘सती उपाख्यान आरती’ का विमोचन किया गया। यह आरती छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं हस्तरेखा विशेषज्ञ पं. राजेन्द्र शर्मा द्वारा रचित है। कोरबा में सावन मास के अवसर पर चल रही शिव पुराण कथा के दौरान यह विमोचन संपन्न हुआ। विमोचन के मौके पर पं. प्रदीप मिश्रा ने आरती की रचना के लिए पं. राजेन्द्र शर्मा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने सरल भाषा में भक्तों की भावना और शास्त्रीय मर्यादा को ध्यान में रखते हुए यह सुंदर आरती प्रस्तुत की है, जो निश्चित रूप से जनमानस में भक्ति का संचार करेगी। बता दें कि पं. राजेन्द्र शर्मा न केवल ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय हैं, बल्कि वे साहित्य व धार्मिक पुस्तकों के लेखन के माध्यम से भी समाजसेवा में लगे हुए हैं। विमोचन कार्यक्रम में भागवताचार्य पं. रमाकांत मिश्र, महाकाल भक्त मंडल अध्यक्ष दुर्गेश महाराज, मुख्य सेवक नरेंद्र पाण्डेय, बाल ज्योतिषी जय कृष्ण शर्मा, राजेन्द्र जायसवाल और भागवताचार्य अमित मिश्र सहित अन्य उपस्थित रहे।


