बाल संसद: छात्र प्रतिनिधि चुनने के लिए बच्चों ने डाले वोट

भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम पथर्रा स्थित पीएम श्री शासकीय प्राथमिक स्कूल गुरुवार को में बाल संसद के लिए छात्र प्रतिनिधियों का चुनाव हुआ। इसमें शाला नायक, उप नायक और कक्षा नायकों का चयन किया गया। बच्चों को लोकतंत्र की प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए हर साल यह चुनाव कराया जाता है। इस बार मतपत्र भी छापे गए। अलग-अलग कक्षा के लिए अलग रंग के मतपत्र बनाए गए। इन पर स्कूल बस, स्कूल बैग, पाठशाला और पुस्तक के चित्र छपे थे। शाला नायक पद के लिए चार उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। इनमें आद्या शर्मा को स्कूटी चलाती लड़की, चंद्रेश पाली को टूटा नारियल, शामुएल को बरगद और टिकेश्वर नेताम को थार जीप चुनाव चिन्ह मिला। नामांकन के बाद सभी उम्मीदवारों ने कक्षाओं में जाकर वोट मांगे। तीसरी में देवसिंह बने कक्षा नायक: इसी तरह कक्षा 3 में देव सिंह को 6 वोट, प्रतीक को 2, रिया को 0 और स्वेच्छा सिंह को वोट मिले। कक्षा 4 में काजल को 12, किम्या को 10, प्रसन यादव को 3 और सोमनाथ को 0 वोट मिले। कक्षा 5 में चिरंजीवी निषाद को 2, कु. दर्पण धुर्वे को 10, प्रीति निषाद को 2 और तन्मय साहू को 4 वोट मिले। चुनाव प्रक्रिया में प्रधान पाठक विनोद कुमार चंद्रवंशी पीठासीन अधिकारी रहे। शिक्षक शिव कुमार चंद्रवंशी और रोहित साहू चुनाव अधिकारी बने। भागवत साहू ने सुपरवाइजर का कार्य किया। कक्षा रजिस्टर को मतदाता रजिस्टर के रूप में उपयोग किया गया। छात्र-छात्राओं ने लाइन में लगकर मतदान किया। वोटों की गिनती उम्मीदवारों के सामने की गई। चुनाव के बाद सभी विजयी छात्र प्रतिनिधियों का मुंह मीठा कराया गया। उन्हें विजय माला पहनाई गई और तिलक लगाकर सम्मानित किया गया। परिणाम आने के बाद सभी ने नाचकर खुशी मनाई। चयनित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण शनिवार की बाल सभा में होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *