अमरकंटक में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अब स्थायी भवन देने की पहल शुरू

भास्कर न्यूज | कवर्धा सावन माह में हर साल छत्तीसगढ़ से हजारों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर अमरकंटक पहुंचते हैं। अब इन श्रद्धालुओं को ठहरने और अन्य सुविधाओं के लिए स्थायी भवन मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अमरकंटक में 5 एकड़ भूमि का आवंटन किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन स्तर पर भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस भूमि पर सर्वसुविधा युक्त श्रद्धालु भवन बनाया जाएगा। भवन में ठहरने, भोजन, स्नान-शौचालय, मेडिकल, पार्किंग और सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यवस्था होगी। मध्यप्रदेश के अनूपपुर कलेक्टर द्वारा भूमि आवंटन की प्रक्रिया जारी है। कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर सार्वजनिक सूचना जारी कर दावा-आपत्ति मांगी गई है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि अब तक श्रद्धालुओं को अमरकंटक में सुविधाओं की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। छत्तीसगढ़ सरकार लंबे समय से इस आवश्यकता को महसूस कर रही थी। अब वहां भव्य और सर्वसुविधायुक्त भक्ति भवन बनेगा। इसमें छत्तीसगढ़ की परंपराएं, रीति-रिवाज, लोक संस्कृति और धार्मिक पहचान को भी दर्शाया जाएगा। आध्यात्मिक पहचान बनेगा भवन: विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि हर श्रद्धालु को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा मिले। यह भवन सुविधा केंद्र के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गरिमा और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस प्रस्ताव को खुले मन से स्वीकार किया और प्रशासनिक औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराई जा रही हैं। यह सहयोग केवल भूमि आवंटन नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भावना और साझा संस्कृति का सम्मान भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *