भास्कर न्यूज | पटना सूरजपुर में रेलवे ट्रैक बिछाने के दौरान एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक का नाम सुदीप पांडेय (22 साल) पिता का नाम धनेश्वर पांडेय है। वह ग्राम टेगनी का रहने वाला था। पिछले तीन माह से पीआरए ग्रुप में गार्ड के रूप में काम कर रहा था। घटना सुबह 7:20 बजे की है। सुदीप रोज की तरह ट्रैक के पास रखे सामान की फोटो लेकर ग्रुप में भेज रहा था। तभी ब्रिज नंबर 157 के पास अंबिकापुर से जबलपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पटना थाना प्रभारी राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को कार्यस्थल पर ले आए। वहां शव रखकर मुआवजे की मांग करने लगे। थाना प्रभारी राजेश तिवारी और तहसीलदार प्रतीक जायसवाल ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। रेलवे ठेकेदार से तत्काल 50 हजार रुपए की सहायता राशि दिलवाई। साथ ही इंश्योरेंस क्लेम दिलाने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद परिजन माने और शव को ले जाकर अंतिम संस्कार किया। सुदीप अपने पिता का इकलौता बेटा था। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है


