इंदौर में शुक्रवार सुबह से अधिकांश समय बादल छाए रहे, हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली। सुबह कोहरा नहीं था, और विजिबिलिटी 1800 मीटर तक रही। पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान 4 डिग्री और रात का तापमान 1 डिग्री बढ़ने से ठंड का असर कम हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। दरअसल अब प्रदेश में अगले 2 दिन यानी 27-28 दिसंबर को ओले, बारिश और आंधी का दौर रहेगा। इसका असर इंदौर में भी रहेगा। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक अभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम एक्टिव है। इसके साथ ही हवा का असर भी है। अगले 2 दिन सिस्टम का असर रहेगा। 29 दिसंबर को सिस्टम का असर कम हो जाएगा। इसके तापमान में गिरावट होगी और कोहरा भी छाएगा। दिसम्बर का तापमान इंदौर में बुधवार को दिन का तापमान 24.3°C (-3°C) और रात का तापमान 16.9°C (+7°C) रिकॉर्ड किया गया था। गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और दिनभर बादल छाए रहे। इस दौरान हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा रही, जिससे दिन के तापमान में 4 डिग्री का उछाल हुआ और यह 28.2°C (+1°C) रिकॉर्ड किया गया। रात का तापमान भी 1 डिग्री बढ़कर 17.5°C (+7°C) दर्ज हुआ। फिलहाल, दिन का तापमान सामान्य से 1 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक है, जिससे ठंड का असर कम हुआ है। शुक्रवार सुबह से भी सर्दी का असर हल्का महसूस हो रहा है।


