झारसुगुडा | बालेश्वर के एफएम महाविद्यालय की छात्रा सौम्यश्री बिशी की आत्मदाह कर मौत के विरोध में ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने वामपंथी दलों के साथ मिलकर शुक्रवार को 12 घंटे का ओडिशा बंद किया। झारसुगड़ा जिले में बंद को व्यापक समर्थन मिला। जिला मुख्यालय में दुकानें, बाजार और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। परिवहन सेवा भी ठप रही। बसें नहीं चलीं। दोपहिया वाहन और ऑटो चलते रहे, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली। राज्य सरकार ने स्कूल-कॉलेज खुले रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद छात्रों की उपस्थिति बहुत कम रही। सुबह से ही कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने में जुट गए। जिला कांग्रेस के नव नियुक्त संयोजक जीवन सार्थक दास के नेतृत्व में वरिष्ठ नेता भरत अवस्थी, सियाराम दास, मनीष बाजपेई, शाहरुख खान, आलेख कुमार, मनोज देहरी, जीतू स्वाइ और देवेंद्र स्वाइ समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्टेशन चौक सहित कई जगहों पर धरना दिया। सरकारी दफ्तरों में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों से बंद में सहयोग की अपील की। झारसुगड़ा में बंद को छात्रा की मौत पर लोगों के गुस्से के रूप में देखा जा रहा है। लोग सरकार के रवैये से नाराज हैं।


