लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है। तासु, हुम्बू, नवादा, हुंदरा और बोंगादाग गांवों में पिछले चार दिनों में हाथियों ने 12 घरों को नुकसान पहुंचाया है। शुक्रवार की देर शाम तासु गांव में एक हाथी ने तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीण बारिश और अंधेरे में भी हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने में सफल रहे। पंचायत समिति सदस्य और पूर्व मुखिया ने वन विभाग को घटना की सूचना दी। बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाया बोंगादाग में हाथियों के झुंड ने गुरुवार रात मनोज लोहरा का घर तोड़ दिया। बालेशर उरांव की बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचाया। शिव दयाल उरांव का पशुधन मार डाला। किसानों के धान के खेत रौंद दिए गए। हुंदरा में अहमद मियां के घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एसएच-10 मुख्य मार्ग पर हाथी के आने से यातायात बाधित हुआ। नवादा गांव के पास लाइन होटल और टायर दुकान तक हाथी पहुंच गया। इससे दुकानदारों को भागना पड़ा। हाथियों से लोगों को दूर रहने की अपील वनपाल आनंद कुमार चौधरी के अनुसार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों से दूर रहने की अपील की है। पीड़ितों की क्षति का आकलन कर लिया गया है। मुआवजा प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा। स्थानीय टीम की मदद से हाथियों को क्षेत्र से बाहर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।


