मऊगंज जिले में गुरुवार रात बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी गई। घर से रुपए और जेवर गायब हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाश चोरी करने घर में घुसे, दंपती की नींद खुली तो उन पर हमला कर दिया होगा। पुलिस मौके पर पहुंची। एरिया को सील कर दिया गया एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, उमरी माधव निविहा में रहने वाले मंगल यादव (85) पत्नी तेरसी यादव (80) के साथ भाटी जंगल के पास दो कमरों का मकान बनाकर खेती करते थे। बेटा प्रहलाद यादव गांव में ही परिवार के साथ रहता है। दंपती नजर नहीं आए तो पड़ोसियों ने बेटे को सूचना दी
जानकारी के अनुसार, 25 दिसंबर बुधवार शाम करीब 7 बजे बेटा प्रहलाद माता-पिता से मिलने पहुंचा था। वह उसी रात लौट गया था। गुरुवार शाम को दंपती के पड़ोसियों ने प्रहलाद को सूचना दी कि उसके माता-पिता कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। प्रहलाद मौके पर पहुंचा। दंपती के घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दोनों के शव पड़े थे। उनके चेहरे पर चोट के गंभीर निशान थे। हत्या से पहले बदमाशों ने बारीकी से की तलाशी
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। चावल से लेकर सारा अनाज जमीन पर बिखरा हुआ था। पेटियां टूटी हुई थीं, कपड़े बिखरे हुए थे। घटनास्थल देखकर ऐसा लग रहा था कि बदमाशों ने बड़ी ही बारीकी से पूरे घर की तलाशी ली है। वहीं एडिशनल एसपी अनुराग पांडे ने बताया कि आंख के पास चोट के निशान है, गला दबाकर हत्या लग रही है। बारीकी से जांच कराई जा रही है। खेत की रखवाली करते थे वृद्ध दंपत्ति मृतक मंगल यादव बीते कई वर्षों से उक्त स्थान पर मकान बनाकर रह रहे थे। वह करीब 13 एकड़ जमीन पर खेती करता था और उसकी रखवाली करता था। घर में करीब 25 से 30 हजार रुपए और आभूषण रखे हुए थे, जो कि गायब हैं। बताया गया कि मृतक के पांच पुत्र हैं, जो अपने पैतृक गांव उमरी माधव में अपने-अपने परिवार समेत रहते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।


