आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा आज गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में अपने साथी मंत्रियों और नेताओं के साथ नतमस्तक हुए। माथा टेकने पहुंचे अमन अरोड़ा के साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अमंशेर सिंह शैरी कलसी, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ. बलजीत कौर, बरिंदर गोयल, गुरमीत सिंह खुड्डियां, डॉ. रवजोत, मोहिंदर भगत, तरुणप्रीत सिंह सौंध और हरदीप सिंह मुंडियां सहित अन्य आप नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं के साथ मंत्री अमन अरोड़ा ने पहले श्री गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाकर स्वरूप के दर्शन किए। जिसके बाद गुरुद्वारा साहिब के अंदर अरदास सुनी। आखिरी में अमन अरोड़ा और अन्य मंत्रियों ने गुरु के लंगर हाल में पहुंच कर गुरु का लंगर खाया और वहां से रवाना हो गए। अरोड़ा बोले- आप की लीडरशिप आज अरदास करने पहुंची आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा- आज आम आदमी पार्टी की सारी लीडरशिप गुरु साहिब की पवित्र धरती पर पहुंचे हैं। गुरुओं के इस बलिदान का पूरी दुनिया सम्मान करती है। इस पावन धरती को सजदा करने के लिए हम आज सारी टीम के साथ यहां पर पहुंचे हैं। गुरुओं से हमने पंजाब की चढ़ती कला का वरदान मांगा है। पार्टी प्रधान अमन अरोड़ा ने आगे कहा- वाहेगुरु हमें इतनी शक्ति दें कि हम पंजाब की तरक्की के लिए काम कर सकें। हम आज भी सोचते हैं कि हमारे गुरुओं ने अपने बच्चों को हमें बचाने के लिए वार दिया था।


