पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र में हुए सुमित सिंह यादव हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने काफी हद तक सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। घटना 13 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे की है, जब न्यू कॉलोनी नीमडीह में अज्ञात अपराधियों ने सुमित सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पिता राजकुमार सिंह यादव की लिखित शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया था। स्पेशल टीम ने दो को किया अरेस्ट पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। इस टीम में सदर और मुफ्फसिल थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया इनपुट के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान की। इसके बाद चलाए गए सघन छापेमारी अभियान में दो अभियुक्त अभिजीत अधिकारी (28) और सौरभ राज उर्फ विक्टर (20) को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने अपराध किया स्वीकार पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभिजीत की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के वक्त पहना गया खून से सना शर्ट भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।


