भिलाई के रूंगटा यूनिवर्सिटी में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विश्व कौशल उत्सव 2025 के समापन में शिरकत करने पहुंचे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 25 युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर रूंगटा यूनिवर्सिटी ने आईटी की टॉप कंपनियां गूगल, आईबीएम और इंटरनेशनल काउंसलिंग के साथ मिलकर ज्वाइंट डिग्री प्रोग्राम की शुरुआत की। इसके साथ ही हार्वर्ड और कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के सहयोग से युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और प्रशिक्षण देने की योजना भी शुरू की गई। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ यूनिवर्सिटी का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रूंगटा विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम यहां आई है और उन्होंने 8183 प्रतिभागियों को एक सप्ताह के भीतर दिए गए प्रशिक्षण के लिए इसे प्रमाणित कर इसका सर्टिफिकेट दिया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में स्किल इंडिया मिशन शुरू किया था। उस समय भारत विश्व की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज एक दशक के भीतर हमारा देश जापान को भी पीछे छोड़कर चौथे स्थान पर आ चुका है। इस मिशन ने देश की तस्वीर ही बदल दी है। अलग-अलग तरीके के स्किल से यूथ को ट्रेंड किया गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एशिया हेड डॉक्टर मनीष बिश्नोई ने कहा कि रूंगटा इंटरनेशनल स्किल यूनिवर्सिटी ने आज एक बहुत यूनिक अचीवमेंट हासिल किया है। यूनिवर्सिटी ने यूथ के लिए ऑनलाइन स्किल डेवलपमेंट कैंपेन चलाया था, जिसमें अलग-अलग तरीके के स्किल से यूथ को ट्रेंड किया गया। एक रिपोर्ट कहती है कि इंडिया में बहुत से बच्चे जो कॉलेज में पढ़ते हैं उनके पास डिग्री तो होती है, लेकिन उनके पास कोई एंप्लॉयमेंट स्किल नहीं होता। डॉ बिश्नोई ने कहा, अगर किसी को जॉब या बिजनेस करना है उसके लिए वास्तव में डिग्री नहीं स्किल की आवश्यकता होती है। रूंगटा यूनिवर्सिटी ने यह जो एक यूनिक निर्णय लिया है। उसमें 8813 बच्चों को इसी तरीके से प्रशिक्षित किया गया है। जिसमें इंस्टाग्राम कैसे इस्तेमाल करें, कैसे उसमें प्रमोशन करते हैं, चैट जीपीटी का यूज कैसे करते हैं। जो स्किल डिमांडिंग में है, उनको यहां पर सिखाया गया। इसीलिए आज गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में आज स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया गया। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, डोमन लाल कोर्सवाडा, यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डॉ सौरभ गुप्ता, डॉ मनीष मनोरिया, सीईओ सोनल रूंगटा, डायरेक्टर आरएनडी रजिस्टार डॉ एजाजुद्दीन, डॉ संजीव शुक्ला, डॉ मनोज वर्गीज, महेंद्र श्रीवास्तव सहित यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर के साथ स्टूडेंट्स मौजूद रहे।


