भास्कर न्यूज|लोहरदगा पेशरार प्रखंड जाने वाली सड़क पर घाटियों और जंगलों में लगे लोहे के बैरिकेट कई किलोमीटर तक चोरी हो चुके हैं। आबादी वाले इलाकों में बैरिकेट अभी भी लगे हैं, लेकिन सुनसान जगहों से चोर इन्हें उखाड़कर ले गए। इससे सड़क पर चलने वाले वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया है। सड़क पर कई तीखे मोड़ हैं। दूसरी ओर गहरी खाइयां हैं। बैरिकेट हटने से जरा सी चूक में बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद जिला और पुलिस प्रशासन चुप बैठा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी हुआ लोहा किसी कबाड़ी दुकान में जरूर बेचा गया होगा। पुलिस को छापेमारी कर चोरों को पकड़ना चाहिए। ताकि लोगों की जान से खिलवाड़ न हो। लोहरदगा जिले में जितने भी पुल और सड़क किनारे बैरिकेट लगे थे, लगभग सभी जगहों से चोरी हो चुके हैं। यह सिलसिला एक-दो दिन का नहीं, बल्कि काफी समय से चल रहा है। पेशरार जाने वाले वाहन चालकों से अपील है कि शराब पीकर गाड़ी न चलाएं। सड़क पर अब पहले से ज्यादा सतर्कता जरूरी है। जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।


