गुमला | झारखंड नवनिर्माण दल व बॉक्साइट माइन्स रैयत मजदूर समिति के पदाधिकारी जिले में खुलेआम हो रही बॉक्साइट पत्थर व बालू की बड़े पैमाने पर अवैध खनन व तस्करी पर रोक लगाने व कार्रवाई की मांग को लेकर 21 जुलाई 2025 को गुमला उपायुक्त से मुलाकात करेंगे। विदित हो कि बीते एक सप्ताह पहले जिला मुख्यालय में बॉक्साइट माइन्स रैयत मजदूर समिति के पदाधिकारी व सदस्यों द्वारा सांकेतिक धरना कार्यक्रम आयोजित की गई थी और उपायुक्त को पांच सूत्रीय मांग-पत्र इस मामले में कार्रवाई के लिए सौंपी गई थी। उपायुक्त से मुलाकात नहीं होने के कारण वार्ता नहीं हो सकी थी। वहीं दी गई मांग-पत्र पर बातचीत करने के लिए 21 जुलाई 2025 को प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिल रहे हैं। मालूम हो कि एनजीटी के रोक के बावजूद खनन विभाग के लापरवाही के कारण बालू का भी उठाव बड़ी जोर शोर से जारी है। कहने के लिए तो अवैध खनन पर स्पेशल टास्क फोर्स कार्रवाई कर रही है, लेकिन अवैध खनन व तस्करी में लगे हुए लोग स्पेशल टास्क फोर्स से भी अधिक तेज गति से अवैध धंधा में लगे हुए हैं जो जिला प्रशासन की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े करते हैं। गुमला | झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और गुमला जिला पर्यवेक्षक बंधु तिर्की ने बनहोरा गांव में ग्रामीणों के साथ धान रोपनी की। खुद खेत में उतरकर हल चलाया। इस दौरान उन्होंने किसानों के सम्मान में डॉ. अनुज लुगून का गीत “रोपा रोपे गेले रे डिंडा दंगोड़ी गुन्गु उपारे जिलिपी लगाये” गाया। उन्होंने कहा कि धान रोपनी किसानों के लिए त्योहार जैसा है। इसमें मेहनत और आत्मगौरव झलकता है।बंधु तिर्की ने सभी किसानों को शुभकामनाएं दीं। कहा कि इस साल खेत लहलहाएं और मेहनत का पूरा फल मिले। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर खेत में काम किया। एकजुटता और सहयोग का संदेश दिया। इधर, गुमला जिला कांग्रेस महासचिव फिरोज आलम ने कहा कि बंधु तिर्की जमीन से जुड़े नेता हैं। हर काम को पूरी लगन से करते हैं। इसलिए उन्हें झारखंड का मसीहा कहा जाता है।


