खेतों की मिट्टी सड़क तक पहुंच रही। भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर इन दिनों किसान खेतों की जुताई में लगे हैं। बैल और ट्रैक्टर से खेतों की जुताई हो रही है। खेतों से निकलते समय ट्रैक्टर, कल्टीवेटर और ट्रॉली के पहियों में मिट्टी चिपक जाती है। यह मिट्टी मनेंद्रगढ़ से सरगुजा तक एनएच-43 सड़क पर पहुंच रही है। गीली मिट्टी सड़क पर फिसलन बढ़ा रही है। सूखने पर यही मिट्टी धूल बन जाती है। बारिश या नमी में यह और ज्यादा फिसलन पैदा करती है। इससे बाइक चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है। कई जगह छोटे-बड़े सड़क हादसे भी हो चुके हैं। प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने किसानों और ट्रैक्टर मालिकों से अपील की है कि खेत से निकलने से पहले ट्रैक्टर के पहियों की सफाई जरूर करें। यह छोटी सी सावधानी सड़कों को गंदा होने से बचाएगी। साथ ही अन्य वाहन चालकों की जान भी सुरक्षित रहेगी। किसानों से सड़क सुरक्षा में सहयोग की अपील की गई है।


