भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर भारत स्काउट्स व गाइड्स जिला संघ कोरिया के निर्देशन में तृतीय सोपान स्काउट-गाइड जांच व राज्यपाल पुरस्कार पूर्वाभ्यास शिविर का आयोजन 14 से 18 जुलाई तक शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सलका में हुआ। शिविर का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू ने किया। शिविर में जिले के 14 विद्यालयों से 42 स्काउट, 67 गाइड और 5 स्काउटर-गाइडर ने भाग लिया। वहीं राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास के लिए 4 विद्यालयों से 7 स्काउट और 14 गाइड शामिल हुए। शिविर के अंतिम दिन भारत स्काउट्स व गाइड्स जिला संघ कोरिया के जिला मुख्य आयुक्त देवेंद्र तिवारी ने कहा कि स्काउट और गाइड एक संगठनात्मक संस्था है, जो बालकों और बालिकाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। इसका उद्देश्य बच्चों को न केवल एक अच्छा नागरिक बनाना है, बल्कि उन्हें समाज, राष्ट्र और मानवता के लिए समर्पित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी है। यहां बता दें कि शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को राज्यपाल पुरस्कार जांच के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण में स्काउटिंग आंदोलन, ध्वज विधि, गांठें, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, टेंट व मचान निर्माण, कंपास ज्ञान, प्राथमिक चिकित्सा, हाइकिंग, बिना बर्तन भोजन, दक्षता पदक आदि पर विशेष जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों की जांच परीक्षा भी ली गई। शिविर के समापन अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त देवेंद्र तिवारी ने कहा कि भारत स्काउट्स व गाइड्स बच्चों में चरित्र निर्माण, सेवा-भाव और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। यह संस्था बच्चों को आत्मनिर्भर और समाजोपयोगी नागरिक बनाती है। वहीं, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य मोनिष कुमार गजेंद्र ने कहा कि यह शिविर छात्रों में आत्मविश्वास व समर्पण की भावना का संचार करेगा। समापन समारोह में डीईओ व पदेन जिला आयुक्त जितेंद्र कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने प्रेरित किया। शिविर के सफल संचालन में रवि कुमार पांडेय, सुरेंद्र राजवाड़े, सुनील बड़ा, निशा खान, श्याम कुमार आण्डिल, शिव प्रताप सिंह, रवि प्रसाद बैगा समेत अनेक स्काउटर-गाइडरों की अहम भूमिका रही। सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ शिविर का समापन हुआ। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सलका में आयोजित शिविर में शामिल स्काउट एंड गाइड।


