कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित चन्द्रावती स्मारक उच्च विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा छात्र के साथ की गई मारपीट का मामला सामने आया है। विद्यालय में पढ़ने वाले नवमी कक्षा के छात्र सत्यम कुमार को अंग्रेजी माध्यम से हिंदी माध्यम में ट्रांसफर कर दिया गया था। जब छात्र ने इस ट्रांसफर का कारण शिक्षक से पूछा, तो शिक्षक अमित कपूर ने गुस्से में आकर उसे थप्पड़ मार दिया। पिटाई की वजह से छात्र के बाएं कान का पर्दा फट गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। जहां पिछले दस दिनों से उसका इलाज जारी है। डोमचांच थाने में लिखित शिकायत दर्ज पीड़ित छात्र के पिता जितेन्द्र कुमार मेहता ने इस संबंध में डोमचांच थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड के डीजीपी और मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर न्याय की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद झारखंड सरकार के उप सचिव ने कोडरमा एसपी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। परिवार का आरोप है कि आरोपी शिक्षक थाना प्रभारी से मिलकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर भी परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। परिजन दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शिक्षक ने कहा- सारे आरोप बेबुनियाद दूसरी ओर, आरोपी शिक्षक अमित कपूर ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि घटना 7 जुलाई की है, जब सत्यम कक्षा में अनुशासनहीनता कर रहा था। कई बार समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ, जिसके बाद मैंने डराने के उद्देश्य से उसके गाल पर हल्का थप्पड़ मारना चाहा। लेकिन वह हिल गया, जिससे थप्पड़ कान पर लग गया। मुझे बाद में उसकी तबीयत का पता चला, तो मैंने खुद उसके पिता से माफी मांगी। इलाज का खर्च उठाने की बात भी कही। शिक्षक ने कहा कि अब विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।


