लुधियाना में खन्ना पुलिस द्वारा पकड़े गए लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गैंगस्टर रवि राजगढ़ का रिमांड बढ़ा दिया गया है। कोर्ट ने 23 जुलाई तक का रिमांड दिया है। गैंगस्टर को फायरिंग केस में 16 जुलाई को गिरफ्तार किया था। बता दें कि 16 जुलाई को रवि राजगढ़ अपने पिता जगतार सिंह से मिलने आया था। पिता गांव के सरपंच हैं और विदेश जाने वाले थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव की घेराबंदी कर उसे पकड़ा। उसके पास से 30 बोर का लोडेड पिस्तौल बरामद हुआ। रिमांड में दो और अवैध पिस्तौल बरामद पहले रिमांड के दौरान पुलिस ने उससे दो और अवैध पिस्तौल बरामद किए। अब तक कुल तीन अवैध पिस्तौल मिल चुके हैं। सोमवार को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पायल कोर्ट में पेश किया गया। डीएसपी हेमंत मल्होत्रा ने रिमांड की पुष्टि की। रवि राजगढ़ पर हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती और हथियार सप्लाई सहित 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया है। आरोप है कि उसने इस केस के आरोपियों को हथियार दिए। लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल का फर्जी पासपोर्ट बनाने का भी आरोप है। एनआईए की टीम दो बार उसके गांव में रेड कर चुकी है।


