छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खाद्य और पोषण सुरक्षा अधिनियम के तहत व्यापक स्तर पर राशन वितरण किया जा रहा है। जिले में कुल 2.63 लाख राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 61,472 अंत्योदय परिवारों को प्रति माह 35 किलो चावल दिया जा रहा है। प्राथमिकता राशन कार्ड धारियों की संख्या 1,83,521 है। इनमें 1-2 सदस्य वाले परिवारों को प्रति सदस्य 10 किलो चावल मिल रहा है। 3-5 सदस्य वाले परिवारों को 35 किलो और 5 से अधिक सदस्यों वाले परिवारों को प्रति सदस्य 7 किलो चावल प्रतिमाह दिया जा रहा है। विशेष श्रेणी में 670 एकल निराश्रित और 217 दिव्यांग राशनकार्ड धारकों को प्रतिमाह 10 किलो चावल निशुल्क दिया जा रहा है। सार्वभौम पीडीएस के तहत 17,315 सामान्य परिवारों को भी राशन मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जनवरी 2024 से दिसंबर 2028 तक सभी अंत्योदय और प्राथमिकता कार्डधारियों को चावल मुफ्त मिलेगा। सामान्य राशन कार्डधारियों के लिए चावल की दर 10 रुपए प्रति किलो तय की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य शासन और जिला प्रशासन जशपुर में महिला सशक्तिकरण के दिशा में भी सार्थक पहल हो रहा है। इसके लिए शासन के निर्देशानुसार राशनकार्ड के लिए प्रत्येक परिवार की वरिष्ठ और वयस्क महिला को परिवार का मुखिया बनाया गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत जिले में कुल 494 उचित मूल्य की दुकानें संचालित है। जिसके माध्यम से हितग्राही लाभान्वित किया जा रहा है।


