फरीदकोट में एसबीआई बैंक की शाखा में एक क्लर्क द्वारा करोड़ों रुपए का गबन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बैंक ग्राहकों के सेविंग अकाउंट्स, लिमिट और एफडी में हेरफेर की है। इस मामले में बैंक मैनेजर शशांक शेखर अरोड़ा की शिकायत पर थाना सादिक पुलिस ने आरोपी क्लर्क अमित धींगड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है। घटना सादिक कस्बे की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की है। बैंक खातों में गड़बड़ी की सूचना के बाद मंगलवार को सादिक समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों लोगों ने बैंक पहुंच कर अपने खातों की जांच करवाई और ठगी के शिकार लोगों ने बैंक के समक्ष धरना देकर रोष भी जताया। जानकारी के अनुसार सादिक कस्बे की एसबीआई शाखा में अपनी एफडी का भुगतान लेने पहुंचे व्यक्ति को जब बैंक कर्मचारियों ने एफडी के जाली होने की जानकारी दी तो वह हैरान रह गया। इसकी जानकारी अन्य ग्राहकों को मिली तो लोगों द्वारा अपने-अपने बैंक खातों लिमिट व एफडी की जांच करवाई गई और अनेकों खातों में हेराफेरी पाई गई। कई एफडी का बैंक में रिकॉर्ड ही नहीं मिला। यह सारी हेरफेर बैंक के क्लर्क अमित ढींगड़ा द्वारा की गई थी, जिसका पर्दाफाश होते ही आरोपी बैंक से फरार हो गया। मंगलवार को बैंक में खाताधारकों की लंबी कतारें लग गई और प्रभावित खाता धारकों ने बैंक के बाहर धरना देकर रोष प्रदर्शन भी किया और इंसाफ की मांग रखी। बैंक ग्राहकों को हर हाल में मिलेगा भुगतान-चीफ मैनेजर
इस मामले में बैंक के चीफ मैनेजर अरविंद कुमार ने बताया कि जिस भी ग्राहक ने बैंक में पैसा जमा करवाया है, उसके एक-एक पैसे को वापस किया जाएगा। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने आरोपी क्लर्क अमित ढींगड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


