पेड़ पर लटका मिला युवक का शव

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के पावड़ा नरसिंहगढ़ पंचायत के राजाबेड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से झूलता मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लखिंदर सोरेन के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि उसने गमछे के सहारे 25 फीट ऊंचे आम के पेड़ की डाली पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय मिली जब सुबह करीब 6 बजे मृतक की पत्नी संजनी हेंब्रम की नजर आम के पेड़ पर पड़ी। उसने देखा कि कोई व्यक्ति पेड़ से झूल रहा है। पास जाकर देखने पर उसने अपने पति को पहचान लिया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई फिलीप कुजूर के नेतृत्व में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर भेज दिया। मृतक की पत्नी संजनी ने बताया कि लखिंदर रविवार रात करीब 8 बजे घर से निकला था और फिर लौटकर नहीं आया। परिजन दो दिनों से उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह घर से करीब 500 फीट दूर स्थित आम के पेड़ पर उसका शव झूलता मिला।गौर करने वाली बात यह है कि यह पेड़ एक ऐसे रास्ते पर स्थित है, जहां से ग्रामीण नदी की ओर आते-जाते रहते हैं। इसके बावजूद दो दिनों तक किसी की नजर पेड़ पर लटकते शव पर नहीं पड़ी, जिससे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी मो. अमीर हमजा ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया है कि लखिंदर की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *