राज्य के चार शासकीय विभाग लावारिस पशुओं की आवाजाही रोककर सड़क हादसों में कमी लाने की कार्ययोजना तैयार करेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मुद्दे पर महानदी भवन में बैठक की। उन्होंने लावारिस पशुओं की सड़क पर आवाजाही की समस्या का स्थाई समाधान निकालने का आदेश दिया। पशुधन विकास, नगरीय प्रशासन व विकास, पंचायत व ग्रामीण विकास और लोक निर्माण विभाग मिलकर सड़कों पर लावारिस पशुओं की आवाजाही रोकने की कार्ययोजना बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क हादसों की मुख्य वजह वहां पशुओं की आवाजाही है। यह समस्या शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में समान रूप से है। इसके समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। लावारिस गौवंश की देखभाल, चारे की उपलब्धता और उनके पुनर्वास की भी व्यवस्था होनी चाहिए।


