सात लग्जरी कार जब्त कर पुलिस ने राजनीतिक पहुंच वाले वेदांश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वेदांश ने दो फॉरच्यूनर खरीदने के बाद एनएच पर गाड़ी खड़ी कर रील बनाई थी। इस दौरान एनएच से गुजरने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। सोमवार को हाई कोर्ट ने मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव से शपथ पत्र मांगा। साथ ही कहा कि यह कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा है, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गाड़ियां जब्त क्यों नहीं कीं? बेलतरा के कांग्रेस नेता और भाजपा-कांग्रेस विधायक के खास विनय शर्मा के बेटे वेदांश शर्मा ने एक साथ दो फॉरच्यूनर कार खरीदी थी। कार खरीदने के बाद उसने शो रूम तक काली लग्जरी गाड़ियों की कतार लगा दी। एनएच के बीच गाड़ी खड़ी कर ड्रोन से फोटो शूट कराया। फिर रील बनाकर उसे सोशल मीडिया में अपलोड कर दिया। जैसे ही इसकी चर्चा शुरू हुई उसने रील डिलीट कर दिया। मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एनएच के बीच खड़ी होने वाले 7 गाड़ियों पर 2-2 हजार रुपए जुर्माना कर गाड़ी मालिकों के लाइसेंस रद्द करने आरटीओ को पत्र लिखा।


