बैकुंठपुर | कोरिया जिला मुख्यालय के नगर पालिका क्षेत्रों में गाजर घास हटाने और सफाई का काम तेज़ी से चल रहा है। इस अभियान की कमान नपाध्यक्ष नविता शिवहरें ने खुद संभाल ली है। वे लगातार नगर पालिका कर्मचारियों के साथ फील्ड में उतरकर निगरानी कर रही हैं। सोमवार को वे कचहरीपारा क्षेत्र पहुंचीं। यहां उन्होंने सफाई कार्य शुरू कराया। सड़क किनारे लगी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी कराई। नविता शिवहरें ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सफाई और रोशनी देना नपा प्रशासन की प्राथमिकता है। बारिश के कारण सड़कों और नालियों के किनारे गाजर घास उग आई है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसे जड़ से खत्म करने का अभियान चलाया जा रहा है। नगर के अन्य वार्डों में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। बारिश के चलते मच्छरों के लार्वा न पनपें, इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है। बीते दिनों वार्डों में गंदगी को लेकर समाचार प्रकाशित हुआ था। इसके बाद नपा प्रशासन ने सफाई और दवा छिड़काव का काम तेज कर दिया है।


