भास्कर न्यूज | चिरमिरी श्रावण मास की श्रद्धा से सराबोर चिरमिरी में श्रीबजरंग सेना ने भव्य कांवर यात्रा निकाली। हल्दीबाड़ी के बगन्नाच्चा से गोदरीपारा हनुमान मंदिर तक करीब 15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी कांवरियों के साथ पैदल चले। हाथ में त्रिशूल और डमरू, कंधे पर भगवा अंगवस्त्र और शिवभजनों की धुन पर मंत्री का रुद्र नृत्य श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के आम श्रद्धालुओं की तरह यात्रा की। शिवभक्ति में लीन होकर भजनों पर थिरके। श्रद्धालुओं के बीच सहजता और समर्पण का उदाहरण पेश किया। इस यात्रा में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। सभी ने पूरी आस्था से 15 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी की। कांवरियों ने हल्दीबाड़ी में जल भरकर गोदरीपारा हनुमान मंदिर स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। श्रीबजरंग सेना के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश चंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि यह यात्रा पिछले 9 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। समाज के सभी वर्गों का सहयोग रहता है। इस वर्ष भी हजारों भक्तों ने भाग लिया। भगवान शिव और माता पार्वती की दिव्य झांकियां भी निकाली गईं। यात्रा धार्मिकता, अनुशासन और एकता की मिसाल बनी।


