मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना से किसान को मिला अनुदान का लाभ

भास्कर न्यूज | गढ़वा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बुधवार को समाहरणालय परिसर में कांडी के लैंप्स-पैक्स से जुड़े लाभुक को ट्रैक्टर व यंत्र प्रदान किया। साथ ही रंका प्रखंड के रहमुद्दीन अंसारी को 90% अनुदान पर पंपसेट व पाइप मुहैया कराया। उपायुक्त ने कहा कि भूमि संरक्षण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में महिला स्वयं सहायता समूह, महिला सखी मंडल, कृषक समूह, लैम्प्स-पैक्स व एफपीओ को कृषि यंत्रों का वितरण किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत 34.0 से 40.0 मैक्स पीटीओ एचपी पीएस श्रेणी के बड़े ट्रैक्टर और दो कृषि यंत्रों की खरीद पर दस लाख का कुल पैकेज निर्धारित किया गया है। इस पर बड़े ट्रैक्टर के लिए अधिकतम 50% और कृषि यंत्रों पर 80% तक अनुदान प्रदान किया जा रहा है। हालांकि कुल अधिकतम अनुदान पांच लाख तक सीमित है। इस योजना अंतर्गत लैम्प्स-पैक्स कांडी के प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति के सदस्यों को बड़ा ट्रैक्टर, रोटावेटर, कल्टीवेटर सहित अन्य कृषि यंत्रों का भी वितरण किया गया। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्रकिशोर कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *