रांची झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने सांसद विजय कुमार हांसदा के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से शिष्टाचार भेंट की। केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक के दौरान झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से राज्य के छह जिले धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम में स्थित जिला अस्पतालों को पीपीपी मोड के अंतर्गत मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर विमर्श हुआ। मंत्री सुदिव्य कुमार ने इन परियोजनाओं के लिए शीघ्र स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो और लोगों को सुलभ एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके। इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया। सोशल मीडिया पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा है कि मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूएगा। रांची के अशोक होटल के हस्तांतरण पर बनी सहमति इधर, मंत्री सुदिव्य कुमार ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भी मुलाकात की। उन्होंने झारखंड के कई पर्यटन स्थलों को विकसित करने की मांग की। इसमें रांची स्थित अशोक होटल के हस्तांतरण पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री से स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत चांडिल, नेतरहाट एवं तेनुघाट में ईको-टूरिज्म परियोजनाओं का विकास और आईआईटीटीएम मॉडल पर आधारित एक स्पेशलाइज्ड टूरिज्म इंस्टीट्यूट की झारखंड में स्थापना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेलों के आयोजन के िलए एमओटी एवं राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान की योजना, पुरातात्विक एवं विरासत स्थलों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में सहयोग की अपेक्षा की गई।


