भास्कर न्यूज| लुधियाना लुधियाना में बारिश ने नगर निगम और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। 4 दिन की बारिश से शहर की हर सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों को गिरने का डर बना रहता है और बड़ा हादसा न हो जाए इसका भी खतरा रहता है। आत्म नगर पुलिस चौकी से दुगरी पुलिस थाने तक बनी 2 किलोमीटर लंबी दुगरी रोड महज चंद दिनों की बारिश में 236 से ज्यादा गड्ढों में बदल गई। इस सड़क को करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे इतने गहरे हैं कि दोपहिया वाहनों की डिस्क तक हिल जाती है। बारिश का पानी इन गड्ढों को ढक देता है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। लोधी क्लब अंडरपास की हालत और भी खराब है। यहां जालियां टूट चुकी हैं और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। अब चार पहिया वाहन भी इन गड्ढों में फंसने लगे हैं। ग्यासपुरा से शेरपुर चौक तक की सड़क, ग्यासपुरा रोड, सुआ सड़क, हैबोवाल भूरी वाला गुरुद्वारा साहिब की सड़क, सुआ रोड हरगोबिंद नगर, आत्म नगर चौकी से दुगरी रोड और शेरपुर चौक पर 7 इंच तक के गहरे गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा बन गए हैं। ढंडारी चौक, सेक्टर-39 चंडीगढ़ रोड, जालंधर बाईपास मंडी वाली रोड और डेरियों के पास की सड़कें भी पूरी तरह टूटी पड़ी हैं। किचलू नगर और पीएयू की सड़कों पर गड्ढों के कारण वाहन चालक रोज जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों और रसूखदार नेताओं की मिलीभगत से ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जाता है। टेंडर पास होते ही घटिया मटीरियल लगाया जाता है। बारिश पड़ते ही सड़कें उखड़ने लगती हैं। हर साल करोड़ों रुपए जनता की जेब से खर्च होते हैं, लेकिन सड़कें चलने लायक भी नहीं बन पातीं। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय पर इन सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो हादसों की संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने मांग की कि निगम अधिकारी मौके पर आकर स्थिति का जायजा लें और जिम्मेदार ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए। शेरपुर चौक । पीएयू रोड। बारिश में तबाह लुधियाना की सड़कें 236+ गड्ढे: केवल दुगरी रोड (2 किमी.) पर सबसे खतरनाक पॉइंट्स:{लोधी क्लब अंडरपास (चार पहिया वाहन फंसे) {आत्म नगर चौकी से दुगरी रोड (2 फीट गड्ढे) {शेरपुर चौक और ग्यासपुरा रोड (जानलेवा हालत) मुख्य खराब सड़कें: {दुगरी रोड ग्यासपुरा से शेरपुर चौक रोड { जालंधर बाईपास मंडी वाली रोड {ढंडारी चौक और सेक्टर-39 चंडीगढ़ रोड किचलू नगर और पीएयू रोड


