झारखंड के सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। मेन रोड स्थित यह दुकान लाहकोठी निवासी बिपिन प्रसाद गुप्ता की है। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत कांड्रा थाना पुलिस और आधुनिक पावर कंपनी को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक आग की लपटें तेजी से फैली और पूरा बिल्डिंग धुएं से भर गया। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर रह रहे एक परिवार को पड़ोसियों ने बगल की इमारत की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। आधुनिक पावर कंपनी की अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है।


