झारखंड के गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड स्थित कसमार में एक जंगली हाथी का आगमन हुआ है। हाथी निरासी पंचायत के करचा जंगल से निकलकर सड़क पर आ गया। सुबह के समय राहगीरों ने नवनिर्मित पुलिया के पास हाथी को देखा। वन विभाग को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई। बनारी रेंज के फॉरेस्टर किशोर नंद कुमार के नेतृत्व में टीम हाथी को सुरक्षित वन क्षेत्र में वापस भेजने का प्रयास कर रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथी पर पत्थर न फेंकने और उसे परेशान न करने की अपील की है। रिहायशी इलाके से हटाने में लगी टीम यह क्षेत्र पूरी तरह से जंगलों से घिरा हुआ है। यहां अक्सर बाघ, हिरण, हाथी और बंदर देखे जाते हैं। बेतला पार्क भी इसी मार्ग पर स्थित है। माना जा रहा है कि यह हाथी अपने झुंड से भटककर इस क्षेत्र में पहुंच गया है। फॉरेस्टर के अनुसार इस मार्ग पर कई वर्षों बाद हाथी का आगमन हुआ है। अभी तक हाथी द्वारा किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


