बिलासपुर में रात भर मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त:सैकड़ों घरों में घुसा पानी, लाइट जाने से परेशान होते रहे लोग

बिलासपुर में बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। बिजली जाने से रात भर लोग परेशान होते रहे। बारिश के कारण शहर के कई कालोनियों के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। सड़कों पर दो फुट तक पानी भर गया। पुराना बस स्टैंड, सरकंडा, तोरवा, श्रीकांत वर्मा मार्ग, व्यापार विहार, हंसा विहार, देवरीखुर्द, राजकिशोर नगर, मोपका, सिरगिटटी, मंगला और उसलापुर में पानी भर गया। यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पेड़ गिरने से बिजली प्रभावित बुधवार रात में अचानक बिजली चली गई। पेड़ गिरने और इंशुलेटर भर्स्ट होने के कारण भगत सिंह स्कूल, एयरटेल टावर, बलिहारी चौक, चौबे कॉलोनी, अनिवाश शर्मा गार्डन और शिवम् होम्स बंधवापारा में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सरकंडा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के पास पानी भर जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी। बिजली बंद होने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। रात भर परेशान होते रहे लोग सरकंडा, बंधवापारा, अरविन्द नगर, शिवम होम्स, चौबे कॉलोनी, तिलकनगर, नेहरू नगर, सिरगिट्‌टी, शांतिनगर और व्यापार विहार में रात भर बिजली नहीं रही। लोगों को घरों में घुसे पानी से अपना सामान बचाने के लिए रात भर जागना पड़ा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में 23 जुलाई को 4.65 इंच बारिश दर्ज की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *